तिल्दा-नेवरा सिंधी कैंप में बारिश से जलभराव, घरों-दुकानों में घुसा गंदा पानी

तिल्दा-नेवरा सिंधी कैंप में बारिश से जलभराव, घरों-दुकानों में घुसा गंदा पानी

व्यापारियों ने जताई चिंता, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी, अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण

तिल्दा-नेवरा। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर के सिंधी कैंप क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या खड़ी कर दी। तेज बारिश के चलते कई घरों एवं दुकानों में गंदा पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हुई, वहीं व्यापारिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ा। स्थिति को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की।

जलभराव की सूचना मिलते ही पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी तत्काल सिंधी कैंप पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने घरों एवं दुकानों में घुसे पानी की स्थिति का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर मौजूद नगर पालिका अधिकारियों से चर्चा कर त्वरित राहत एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सूचना पर नगर पालिका के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी के साथ पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का आकलन किया तथा तत्काल राहत कार्य शुरू करने के साथ-साथ समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान विकास सुखवानी ने कहा कि सिंधी कैंप में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसका स्थायी समाधान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जहां भी अतिरिक्त नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था के विस्तार अथवा अन्य विकास कार्यों की आवश्यकता होगी, उसके लिए वे छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा से चर्चा करेंगे। मंत्री के सहयोग से सिंधी कैंप में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्य कराए जाएंगे, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को इस परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थानीय व्यापारियों एवं रहवासियों ने मांग की कि नगर पालिका बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करे, जिससे हर वर्ष होने वाली इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

क्षेत्रवासियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने, अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर समाधान की पहल करने पर पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी का आभार व्यक्त किया तथा उम्मीद जताई कि शीघ्र ही सिंधी कैंप में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *