छतोद की नर्सरी में भीषण आग, सूखी घास और पौधे जलकर खाकदेर शाम मौके पर पहुंची तिल्दा-नेवरा पुलिस, भीषण गर्मी को माना जा रहा आगजनी का कारण

तिल्दा-नेवरा। ग्राम पंचायत छतोद स्थित एक नर्सरी में रविवार देर शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते नर्सरी में रखी सूखी घास, पौधे और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। वहीं सूचना पर तिल्दा-नेवरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नर्सरी परिसर में बड़ी मात्रा में सूखी घास और पौधे रखे हुए थे। भीषण गर्मी और तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुआं दूर से दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की।

हालांकि समय रहते आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

मामले की जानकारी मिलते ही तिल्दा-नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर भीषण गर्मी और सूखी घास में अचानक चिंगारी या तापमान बढ़ने को आगजनी की वजह माना जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गर्मी के मौसम में ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *