बेटियां बनीं सम्मान का कारण, सहयोग संस्था मनाएगी 14वां “बेटी अभिभावक सम्मान समारोह”सिंधी समाज की सामाजिक सोच को मिलेगा नया आयाम, बेटियों वाले परिवारों का होगा भव्य सम्मान

रायपुर। समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली प्रतिष्ठित संस्था “सहयोग एक सामाजिक संस्था” द्वारा आगामी 24 मई, रविवार शाम 6 बजे रायपुर के वृंदावन हॉल, कटोरा तालाब के पास अपने 14वें विशेष आयोजन “बेटी अभिभावक सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से संस्था उन माता-पिता और बेटियों का सम्मान करेगी, जिनके परिवार में बेटियां ही उनकी सबसे बड़ी ताकत और गर्व का कारण हैं।

सहयोग संस्था पिछले कई वर्षों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती आ रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक जागरूकता और सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इसी कड़ी में इस वर्ष संस्था ने एक अनूठी और भावनात्मक पहल करते हुए उन परिवारों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है, जिनको भगवान ने बेटियों के रूप में “महारानियां” दी हैं।

संस्था का मानना है कि बेटियां किसी परिवार की कमजोरी नहीं बल्कि उसकी सबसे बड़ी ताकत और सम्मान होती हैं। ऐसे में यह समारोह उन माता-पिता के आत्मसम्मान और गौरव को समर्पित होगा, जो अपनी बेटियों पर गर्व करते हैं और उन्हें समान अवसर देकर समाज के सामने एक आदर्श प्रस्तुत कर रहे हैं।

कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रत्येक सम्मानित परिवार को संस्था की ओर से सफारी कंपनी का सूटकेस, स्मृति स्वरूप भेंट सामग्री, फ्रेम किया हुआ सम्मान पत्र तथा शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया जाएगा। संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि यह केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास है कि बेटियां किसी से कम नहीं होतीं।

इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह सिंधी समाज में भी देखने को मिल रहा है। सिंधी समाज हमेशा से सामाजिक एकता, सेवा और संस्कारों के लिए जाना जाता रहा है। समाज के वरिष्ठजनों का कहना है कि सहयोग संस्था द्वारा किया जा रहा यह आयोजन पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि यह कार्यक्रम बेटियों के सम्मान और महिला सशक्तिकरण की भावना को नई दिशा देगा।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदर देवानी ने बताया कि इस बार सहयोग ग्रुप ने अपनी महिला टीम का गठन भी किया है। चूंकि यह कार्यक्रम पूरी तरह महिलाओं और बेटियों को समर्पित है, इसलिए इसकी संपूर्ण रूपरेखा महिला टीम द्वारा तैयार की गई है। कार्यक्रम का संचालन भी महिलाओं के हाथों में रहेगा, जिससे महिला नेतृत्व और उनकी भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।

चंदर देवानी ने कहा कि समाज में बेटियों को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपने माता-पिता और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे परिवारों का सम्मान करना संस्था का सौभाग्य है।

कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। संस्था के सदस्यों के अनुसार समारोह में शहर के कई प्रतिष्ठित नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, सिंधी समाज के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में परिवार शामिल होंगे। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *