
तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
तिल्दा-नेवरा नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा ने सोशल मीडिया और एक समाचार में उनका नाम जोड़कर कथित रूप से छवि धूमिल करने की कोशिश के मामले में देर शाम थाना तिल्दा-नेवरा पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान नगर पालिका के कई जनप्रतिनिधि और पार्षद भी उनके साथ मौजूद रहे।
अध्यक्ष ने पुलिस को दिए ज्ञापन में कहा कि जिस मामले में उनका नाम जोड़ा जा रहा है, उससे उनका किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है, बावजूद इसके कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में उनका नाम उछालकर भ्रामक माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की सोची-समझी साजिश बताया।
देर शाम थाना पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में नगर पालिका सभापति ईश्वर यदु , सतीश निषाद, धर्मेंद्र डहरिया, प्रेम कोसले, यशवंत वर्मा, मनोज साहू, रामेश्वर साहू, सागर पंजवानी, यशवंत सेन, आदर्श वर्मा, भूषण निषाद, मुनेश साहू, अनिल नायक और आदित्य वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा जानबूझकर अध्यक्ष का नाम इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर गलत संदेश फैलाया जा रहा है, जिससे आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है। इस पर पुलिस से आईटी एक्ट, मानहानि और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की गतिविधियां नहीं रुकीं, तो वे संबंधित लोगों के खिलाफ मानहानि का दावा ठोकने से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आलोचना स्वीकार्य है, लेकिन झूठे तथ्यों के आधार पर छवि खराब करना गंभीर अपराध है।
देर शाम थाना में ज्ञापन सौंपे जाने के बाद यह मामला नगर में चर्चा का विषय बन गया है। अब लोगों की नजर पुलिस प्रशासन की आगामी जांच और कार्रवाई पर टिकी हुई है।
