
तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 22 अटल आवास क्षेत्र में चाकू दिखाकर राहगीरों को डरा-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक धारदार चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल 2026 को थाना तिल्दा-नेवरा को मुखबिर से सूचना मिली कि अटल आवास के सार्वजनिक स्थान पर एक युवक चाकू दिखाकर आने-जाने वाले लोगों में भय का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर हिकमतअमली से आरोपी को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक चाकू बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा बताया गया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में निगरानी बदमाश, गुंडा तत्वों और अड्डेबाजों की लगातार चेकिंग की जा रही है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।
आरोपी का नाम:
अमित माण्डले (19 वर्ष)
पिता – घनश्याम माण्डले
निवासी – वार्ड क्रमांक 22, अटल आवास, तिल्दा-नेवरा
