
तिल्दा-नेवरा।
क्षेत्र में एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। छछनपहाड़ी स्थित बंजारी मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चल रही मोटरसाइकिल की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लोकनाथ धीवर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोकनाथ धीवर अपने वाहन क्रमांक CG 04 LT 5740 से अपनी मां के साथ रोहासी पलारी से भीमभोरी की ओर आ रहा था। जैसे ही वे छछनपहाड़ी बंजारी मंदिर के पास मुख्य सड़क पर पहुंचे, उसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QP 8609 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि लोकनाथ गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे की सबसे मार्मिक बात यह रही कि पूरी घटना मृतक की मां के सामने हुई, जिससे वह गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
