
तिल्दा-नेवरा।
अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद (ABBEP) की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष पं. अंजू पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को महिला पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल तिल्दा थाना पहुँचा और मध्यप्रदेश में पदस्थ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा कथित तौर पर ब्राह्मण समाज के विरुद्ध की गई विवादित व अनैतिक टिप्पणी के विरोध में ज्ञापन सौंपकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
ज्ञापन में बताया गया कि वायरल वीडियो और समाचार पत्रों में प्रकाशित बयान में उच्च अधिकारी द्वारा समाज की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली टिप्पणी की गई है, जिससे ब्राह्मण समाज में भारी रोष व्याप्त है। महिला प्रकोष्ठ ने कहा कि ऐसे वक्तव्य न केवल समाज का अपमान हैं बल्कि एक उच्च पदासीन अधिकारी की गरिमा के भी विपरीत हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपी अधिकारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
“बेटियों को लेकर की गई टिप्पणी से समाज आहत”
महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष पं. अंजू पांडेय ने कहा कि बेटियों को लेकर की गई कथित टिप्पणी से समाज की माताएँ-बहनें गहरी पीड़ा में हैं। उन्होंने इसे निंदनीय और अस्वीकार्य बताते हुए शासन-प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की।
वरिष्ठ सामाजिक पदाधिकारियों ने भी उठाई आवाज
मौके पर उपस्थित सत्य सनातन धर्म परिषद के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा कि ऐसी टिप्पणियाँ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली हैं और इसके विरुद्ध सख्त कदम उठना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की मर्यादा व सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कानूनी कार्रवाई की मांग
महिला प्रकोष्ठ एवं परिषद के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने शासन से न्यायोचित कार्रवाई कर समाज में विश्वास बहाल करने की मांग की।
ये रहे उपस्थित पदाधिकारी
इस दौरान पं. मंजू जीतू तिवारी (उपाध्यक्ष), पं. मंजू शिव तिवारी (अधिवक्ता), पं. अजय तिवारी (मंडल अध्यक्ष), मनोज, वार्ड पार्षद ईश्वर यादव, अध्यक्ष अचला शर्मा, पं. बसंती दीक्षित, नीतू शर्मा, अनिता, अंजना दुबे, सुधा शर्मा (मढ़ी) सहित ब्लॉक तिल्दा की पूरी कार्यकारिणी टीम उपस्थित रही।
पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि समाज के सम्मान और बेटियों की अस्मिता की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
