चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

गणेश पर्व के बीच तिल्दा-नेवरा पुलिस का सख्त एक्शन, दो आरोपियों से धारदार चाकू बरामद

तिल्दा-नेवरा। गणेश पर्व के दौरान शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस लगातार सक्रिय है। असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी और चाकूबाजी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने तथा दहशत का माहौल बनाने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा गणेश पर्व को देखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं गश्त की जा रही है।

बन्नू बाई तालाब और जोता रोड क्षेत्र में कार्रवाई

विशेष अभियान के दौरान पुलिस को सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और लोगों में भय का वातावरण निर्मित करने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने बन्नू बाई तालाब, जोता रोड तिल्दा एवं प्राथमिक शाला के सामने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा।

जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 02 नग धारदार चाकू बरामद कर जब्त किए। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने की स्थिति निर्मित की जा रही थी।

दो आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध

मामले में मोतीचंद उर्फ मोचन चौहान (32 वर्ष), पिता संचित चौहान, निवासी वार्ड क्रमांक 21 मिशन कॉलोनी, तिल्दा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 406/2026 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

वहीं रोहन जैन उर्फ नन्दू (23 वर्ष), पिता स्व. राहुल जैन, निवासी वार्ड क्रमांक 22 तिल्दा बस्ती के विरुद्ध अपराध क्रमांक 407/2026 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

इसके अलावा आकाश कडरा (22 वर्ष), पिता बलराम कडरा, निवासी वार्ड क्रमांक 02 सासाहोली, तिल्दा-नेवरा के विरुद्ध धारा 170 बीएनएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।

गणेश पर्व को लेकर पुलिस की विशेष निगरानी

गणेश पर्व के दौरान शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही और विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, चाकू लहराने, लोगों को डराने-धमकाने अथवा शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वाले असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक एवं निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से की अपील

तिल्दा-नेवरा पुलिस ने नागरिकों से गणेश पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूमते, चाकू लहराते, लोगों को धमकाते या किसी प्रकार की संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधि करते देखा जाए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस के अनुसार गणेश पर्व के दौरान सार्वजनिक शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए क्षेत्र में निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *