
संदिग्ध रूप से घूमने वाले 21 व्यक्तियों पर धारा 126/135 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा। अपराधों की रोकथाम एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने देवार बस्ती, अटल आवास, मोहभट्ठा पारा सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।
अभियान के दौरान बिना उचित कारण के संदिग्ध रूप से घूम रहे एवं अन्य स्थानों से आए व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई। पुलिस ने उन्हें अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में नहीं घूमने की समझाइश देते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कुल 21 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126/135 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में लगातार निगरानी
थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा ने बताया कि अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
