
तिल्दा-नेवरा। नगर की होनहार बेटी चाहत विरानी, पिता श्री गोपीचंद विरानी, ने कंपनी सेक्रेटरी (CS) की परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
चाहत विरानी ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के बल पर कंपनी सेक्रेटरी जैसी प्रतिष्ठित व्यावसायिक परीक्षा में सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि तिल्दा-नेवरा की बेटियों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
चाहत की सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। लोगों का कहना है कि छोटे शहर से निकलकर कठिन और प्रतिष्ठित प्रोफेशनल परीक्षा में सफलता हासिल करना उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
कंपनी सेक्रेटरी के रूप में चाहत विरानी ने अपने करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से यह संदेश भी मिलता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत के साथ उसे हासिल करने का प्रयास किया जाए तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त की जा सकती है।
तिल्दा का गौरव बनीं चाहत
चाहत विरानी की इस उपलब्धि को क्षेत्रवासियों ने तिल्दा-नेवरा के लिए गौरव का क्षण बताया है। परिवारजनों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चाहत ने अपनी मेहनत से परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
