रायपुर ग्रामीण पुलिस के साइबर जागृति अभियान को मिला जनप्रतिनिधियों का समर्थन, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

तिल्दा-नेवरा। रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के मंत्री टंक राम वर्मा ने भी अभियान का हिस्सा बनकर साइबर जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा ने साइबर जागृति अभियान के साथ सेल्फी लेकर नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने अभियान के माध्यम से लोगों को डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतने और किसी भी अनजान लिंक, कॉल, मैसेज या ऑनलाइन लालच के झांसे में नहीं आने के प्रति जागरूक किया।
रायपुर ग्रामीण पुलिस की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य साइबर ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी के नाम पर धोखाधड़ी, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से लोगों को सुरक्षित रखना है। पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार
साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानीपूर्वक व्यवहार करने की आवश्यकता है।
पुलिस का संदेश है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना संबंधित पुलिस अथवा साइबर अपराध से जुड़े आधिकारिक माध्यमों को दे, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
आम नागरिकों से अभियान से जुड़ने की अपील
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे साइबर जागृति अभियान का हिस्सा बनें, साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और एक जिम्मेदार साइबर जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लें। जनभागीदारी के माध्यम से ही साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता को मजबूत किया जा सकता है।
मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा अभियान में सहभागिता कर सेल्फी के माध्यम से जागरूकता का संदेश देना भी नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
