पत्रिका जज़्बा पुलिस अवॉर्ड-2026 : तिल्दा नेवरा में पदस्थ आरक्षक संदीप सिंह को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित

पत्रिका जज़्बा पुलिस अवॉर्ड-2026 : तिल्दा नेवरा में पदस्थ आरक्षक संदीप सिंह को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित

साहसिक कार्य (बहादुरी) श्रेणी में तृतीय पुरस्कार, तिल्दा नेवरा थाना एवं रायपुर ग्रामीण पुलिस का बढ़ाया गौरव

रायपुर/तिल्दा नेवरा। तिल्दा नेवरा थाना में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 517 संदीप सिंह को उनकी उत्कृष्ट पुलिस सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और साहसिक कार्यों के लिए प्रतिष्ठित “पत्रिका जज़्बा पुलिस अवॉर्ड-2026” से सम्मानित किया गया। राजधानी रायपुर में आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उन्हें “साहसिक कार्य (बहादुरी) श्रेणी” में तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

राजस्थान पत्रिका समूह द्वारा आयोजित इस समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करते हैं। ऐसे कर्मठ और बहादुर जवानों का सम्मान पूरे समाज के लिए प्रेरणा का विषय है।

समारोह में आरक्षक संदीप सिंह को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने इसे अपने वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और पूरे पुलिस विभाग का सम्मान बताते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनसेवा करने का संकल्प व्यक्त किया।

तिल्दा नेवरा थाना में पदस्थ आरक्षक संदीप सिंह अपनी अनुशासित कार्यशैली, त्वरित कार्रवाई और जिम्मेदार पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया, जिसके चलते उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

उनकी इस उपलब्धि पर रायपुर ग्रामीण पुलिस, तिल्दा नेवरा थाना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी। लोगों ने कहा कि यह सम्मान न केवल संदीप सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे तिल्दा नेवरा और रायपुर ग्रामीण पुलिस के लिए गर्व का क्षण है।

पत्रिका जज़्बा पुलिस अवॉर्ड पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। आरक्षक संदीप सिंह को मिला यह सम्मान पुलिस विभाग में समर्पण, साहस और उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *