
तिल्दा नेवरा, 20 जुलाई। रायपुर ग्रामीण पुलिस के निर्देश पर थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने रविवार देर रात से सोमवार तड़के तक विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। यह अभियान रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक तिल्दा नेवरा, तुलसी, सासाहोली, देवार पारा, अटल आवास और मोहभट्ठा पारा सहित कई संवेदनशील इलाकों में एक साथ संचालित किया गया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन चौक, दीनदयाल चौक, सराफा मार्केट, सिंधी कैंप, बुधवारी बाजार, मिशन कॉलोनी, रेस्ट हाउस सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सघन गश्त की गई। पुलिस ने बैंक, एटीएम, सराफा बाजार, लॉज और ढाबों की भी जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
पुलिस टीम ने निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों के घरों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली और भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी। साथ ही फरार वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों की भी जांच की गई।
देर रात बिना किसी उचित कारण के सार्वजनिक स्थानों पर घूमते मिले लोगों को थाना लाकर पूछताछ के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया तथा भविष्य में अनावश्यक रूप से देर रात तक बाहर नहीं घूमने की हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने नागरिकों को अवैध अथवा संदिग्ध प्रवासियों की सूचना देने के लिए शासन के टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 और “समाधान” ऐप के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही किरायेदारों के सत्यापन कराने की अपील की गई।
थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने कहा कि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

