
तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
रायपुर ग्रामीण जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग को डायल-112 की दो नई हाईटेक गाड़ियां मिली हैं। नई वाहनों के शामिल होने से अब शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाएं और अधिक तेज एवं प्रभावी हो जाएंगी।
पुलिस विभाग द्वारा मिली इन नई डायल-112 गाड़ियों को अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस किया गया है। अब किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, अपराध, सड़क दुर्घटना, मारपीट, विवाद या अन्य घटनाओं की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन नई गाड़ियों में आधुनिक कैमरा रिकॉर्डिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे घटनास्थल की पूरी गतिविधियों की रिकॉर्डिंग हो सकेगी। इससे पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता बढ़ेगी और घटनाओं के साक्ष्य सुरक्षित रखने में भी मदद मिलेगी।
इसके अलावा दोनों गाड़ियों में जीपीएस आधारित लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम भी लगाया गया है। कोई भी व्यक्ति जब डायल-112 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएगा, तो शिकायतकर्ता की वर्तमान लोकेशन सिस्टम में दिखाई दे जाएगी। इससे पुलिस टीम को घटनास्थल तक कम समय में पहुंचने में आसानी होगी और त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में लंबे समय से बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए अतिरिक्त डायल-112 वाहनों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब दो नई गाड़ियों के मिलने से पुलिस की गश्त व्यवस्था मजबूत होगी और शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी तत्काल सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करें। यह सेवा पूरी तरह जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए संचालित की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने भी नई डायल-112 गाड़ियों के शुरू होने पर खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि इससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और पुलिस सहायता पहले की तुलना में अधिक तेजी से उपलब्ध हो सकेगी। नई हाईटेक सुविधाओं से लैस इन वाहनों के शामिल होने से तिल्दा-नेवरा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को बड़ा मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
