तिल्दा नेवरा।कोयला रेक प्वाइंट पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका गहराई

तिल्दा के कोयला रेक प्वाइंट क्षेत्र में सोमवार की सुबह सनसनी फैल गई, जब रेल लाइन के पास एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक निरीक्षण में शव पर संदिग्ध चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जहां शव मिला है, उसके ठीक पास रोज़ाना दिन-रात कोयले की रेक गाड़ियां आती-जाती रहती हैं। अनलोडिंग और लोडिंग का निरंतर कार्य भी चलता है, इसके बावजूद शव पर किसी कर्मचारी अथवा मजदूर की नज़र नहीं पड़ना स्थानीय लोगों के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है।

सोमवार सुबह मौके से गुजर रहे लोगों ने तुरंत नेवरा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। फिलहाल शव की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों व रेक प्वाइंट पर काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है, ताकि मृतक व घटना की परिस्थितियों का सुराग मिल सके।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *