
तिल्दा-नेवरा। थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम बिलाड़ी में चोरी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार दीपक बंजारे के घर में अज्ञात चोरों ने आलमारी का ताला तोड़कर नगदी एवं सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने आलमारी में रखे करीब 23 हजार रुपये नगद के अलावा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद घर में हड़कंप मच गया।
परिजनों द्वारा मामले की सूचना तिल्दा-नेवरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही चोरी के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल चोरी की घटना में कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और संभावित सुरागों की जांच कर रही है। पुलिस की कार्रवाई जारी है।
चोरी की वारदात के बाद ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर चोरी का माल बरामद करने की मांग की जा रही है।
